देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। जहां दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 21 फरवरी से अगले चार दिनों तक 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, केरल, छत्तीसगढ़, ओडिशा और कर्नाटक समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
22 और 23 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है। दक्षिण तमिलनाडु और केरल में 21–22 फरवरी को कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। बारिश की संभावना नहीं है।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि पश्चिमी जिलों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मध्य भारत में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
महाराष्ट्र और अन्य राज्यों का हाल
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
Comments (0)