दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सरकार जल्द e-Bike दीदी स्कीम शुरू कर सकती है। फिलहाल यह योजना प्रस्ताव चरण में है, लेकिन मंजूरी मिलने के बाद राजधानी की सड़कों पर महिला राइडर्स इलेक्ट्रिक बाइक चलाती नजर आ सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य केवल नई सवारी सेवा शुरू करना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और शहर में सुरक्षित यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराना है।
क्या है e-Bike दीदी स्कीम?
इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली की युवा महिलाओं को रोजगार देना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। साथ ही, महिलाओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना भी इसका अहम लक्ष्य है।
योजना के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। शुरुआत में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा और सफल रहने पर चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में विस्तार किया जाएगा। इसका मॉडल बड़े राइड-हेलिंग ऐप्स जैसे Ola और Rapido की तरह हो सकता है। राइड की बुकिंग ऑनलाइन होगी और डिजिटल पेमेंट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
महिला यात्रियों को क्या होगा फायदा?
इस सेवा के तहत महिला राइडर्स केवल महिला यात्रियों को राइड देंगी। उन्हें मेट्रो स्टेशन, बस स्टॉप, पर्यटन स्थलों और दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख इलाकों तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। खास तौर पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर जोर रहेगा, ताकि मेट्रो से घर तक की दूरी भी सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से तय की जा सके।
भारत टैक्सी के साथ साझेदारी की तैयारी
सरकार इस योजना के लिए राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स के साथ साझेदारी पर विचार कर रही है। खास तौर पर Bharat Taxi को संभावित पार्टनर माना जा रहा है। हाल ही में Delhi Tourism and Transportation Development Corporation (DTTDC) ने भारत टैक्सी के साथ एक समझौता (MoU) किया है, जिसके तहत दिल्ली में कैब सेवाएं मिलकर संचालित की जाएंगी। संभावना है कि इसी मॉडल के आधार पर e-Bike दीदी स्कीम को आगे बढ़ाया जाए।
कैसे लागू होगी योजना?
फिलहाल सरकार किराया निर्धारण, रूट प्लानिंग, सुरक्षा प्रावधान और निजी कंपनियों के साथ आर्थिक मॉडल जैसे पहलुओं पर विचार कर रही है। उद्देश्य यह है कि योजना व्यवहारिक हो और लंबे समय तक सफलतापूर्वक चल सके। अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ, तो जल्द ही दिल्ली की सड़कों पर महिला राइडर्स इलेक्ट्रिक बाइक के साथ सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सफर का नया विकल्प पेश करती नजर आएंगी।
Comments (0)