भारत निर्वाचन आयोग मंगलवार को नई दिल्ली में ईसीआई और सभी राज्य निर्वाचन आयुक्त के लिए राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन आयोजित करेगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता ज्ञानेश कुमार करेंगे। यह आयोजन 27 वर्षों के बाद हो रहा है; पिछला सम्मेलन वर्ष 1999 में आयोजित किया गया था। सम्मेलन में प्रत्येक एसईसी अपने कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ भाग लेंगे। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं के संचालन में ईसीआई और एसईसी के बीच तालमेल बढ़ाना है।
इन बातों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा
दिन भर चलने वाले सम्मेलन में चुनावी प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ तकनीकी पहल, ईवीएम, और मतदाता सूची साझा करने पर चर्चा होगी। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म और अन्य प्रमुख तकनीकी तथा परिचालन पहलों पर भी प्रस्तुति देंगे। प्रस्तुतियों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की मजबूती, पारदर्शिता और सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कानूनी ढांचे पर तुलनात्मक प्रस्तुति भी दी जाएगी
इसके अलावा, जन प्रतिनिधि अधिनियम, 1950 के तहत विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता पात्रता और मतदाता सूची तैयार करने के कानूनी ढांचे पर तुलनात्मक प्रस्तुति भी दी जाएगी। इससे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारियों के बीच जानकारीपूर्ण और उपयोगी विचार-विमर्श संभव होगा।
Comments (0)