राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार पर संविधान बदलने और एससी, एसटी तथा ओबीसी श्रेणियों का ‘‘आरक्षण छीनने'' की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम कर देगी।
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' की प्रत्याशी ममता भुइयां के पक्ष में पलामू के छतरपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेतृत्व वाला राजग भारत के संविधान को बदलना चाहता है लेकिन मैं वादा करता हूं कि कोई भी हमारे संविधान को नहीं बदल सकता और आपका आरक्षण नहीं छीन सकता। हम ऐसी किसी भी कोशिश को नाकाम कर देंगे।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी पिछले 10 सालों में झूठ फैलाते रहे और उन्होंने महंगाई रोकने, नौकरियां मुहैया करवाने और काले धन को खत्म करने जैसे अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।''
राजद नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी झूठ के निर्माता, वितरक और थोक व्यापारी हैं। उन्होंने एलआईसी, बंदरगाह, हवाई अड्डे और देश की संपत्ति बेच दी।'' यादव ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया। उल्टे भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विपक्षी दलों के ऐसे नेताओं के पीछे ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को लगा दिया, जो लोगों की आवाज उठा रहे हैं और उनके अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं।'' राजद नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया। उन्होंने मेरे पीछे सीबीआई को लगा दिया है।'' उन्होंने वादा किया कि अगर ‘इंडिया' गठबंधन सत्ता में आया तो एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत कम करके 500 रुपए कर दी जाएगी और गरीब महिलाओं को प्रति वर्ष एक लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार पर संविधान बदलने और एससी, एसटी तथा ओबीसी श्रेणियों का ‘‘आरक्षण छीनने'' की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम कर देगी।