पवन कल्याण ने आज यानी की बुधवार को विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभाला। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित समारोह में पवन कल्याण ने कार्यभार संभाला। कई जनसेना नेताओं और अन्य लोगों ने पवन कल्याण को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। इसके बाद में उपमुख्यमंत्री पवन द्वारा समीक्षा बैठकों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की उम्मीद है।
पवन कल्याण ने 70,000 से अधिक मतों के अंतर से मुकाबला जीता
आपको बता दें कि, पवन कल्याण दक्षिणी राज्य में पीथापुरम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और पहली बार मंत्री बने हैं। जनसेना पार्टी के प्रमुख पंचायत राज और ग्रामीण विकास, ग्रामीण जल आपूर्ति, पर्यावरण और वन, तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभागों को भी संभालेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने उन्हें इस सप्ताह की शुरुआत में ये विभाग सौंपे थे। पवन कल्याण ने हाल ही में संपन्न राज्य चुनावों में पीथापुरम विधानसभा सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की वांगा गीता को हराया। पवन कल्याण ने 70,000 से अधिक मतों के अंतर से मुकाबला जीता।
आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में टीडीपी ने 135 सीटें जीतीं
वहीं आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव 13 मई को हुए थे और नतीजे 4 जून को घोषित किए गए थे। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनसेना पार्टी ने सभी 21 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करके 100 प्रतिशत सफलता हासिल की थी। टीडीपी, जनसेना पार्टी और भाजपा चुनाव में एनडीए का हिस्सा थे, जिसमें तीन दलों ने कुल 175 में से 164 सीटें जीती थीं। टीडीपी ने 135 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 8 सीटें जीतीं।
Comments (0)