फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सीही गांव में रविवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां खेलते-खेलते ढाई साल की बच्ची नेहा एक बंद पड़े बोरवेल में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गईं। बोरवेल के अंदर फंसी बच्ची की रोने की आवाज सुनाई दे रही है। प्रशासन की टीम जेसीबी के साथ मौके पर मौजूद है।
खेलते समय बोरवेल में गिरी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, ढाई साल की नेहा रविवार देर शाम सीही गांव में खेल रही थी। इसी दौरान वह बंद पड़े बोरवेल में गिर गई। बच्ची के बोरवेल में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई।इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए। फिलहाल बच्ची बोरवेल के अंदर फंसी हुई है।
अंदर से सुनाई दे रही रोने की आवाज
बच्ची के बोरवेल में फंसे होने के बाद उसकी रोने की आवाज सुनाई दे रही है। इससे मौके पर मौजूद परिवार और लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। प्रशासन की टीम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
JCB के साथ मौके पर प्रशासन की टीम
हादसे की सूचना के बाद प्रशासन की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर मौजूद है। बच्ची तक सुरक्षित तरीके से पहुंचने और उसे बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान की तैयारियां की जा रही हैं।प्रशासन की ओर से गुरुग्राम से एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। एनडीआरएफ के मौके पर पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जाएगा।