इंडियन एयर फोर्स (IAF) का हल्का लड़ाकू विमान HAL Tejas 7 फरवरी को लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। शुरुआती जांच में ब्रेक सिस्टम में खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी अब सामने आई है। बताया गया है कि विमान प्रशिक्षण उड़ान पूरी कर एयरबेस लौट रहा था। लैंडिंग के बाद पायलट ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक प्रभावी नहीं हुआ और जेट रनवे से बाहर चला गया। हालांकि पायलट समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गया। विमान को नुकसान पहुंचने की खबर है। घटना किस एयरबेस पर हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना के बाद वायुसेना ने लगभग 30 सिंगल-सीट तेजस विमानों के पूरे बेड़े को तकनीकी जांच के लिए अस्थायी रूप से ग्राउंड कर दिया है। जांच पूरी होने तक ये विमान उड़ान नहीं भरेंगे। इस मामले पर वायुसेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
तेजस जेट से जुड़ी यह तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर के पास एक तेजस जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जबकि नवंबर 2025 में दुबई एयरशो के दौरान एरियल डिस्प्ले में एक अन्य तेजस जेट क्रैश हो गया था।