भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर नई तस्वीर सामने आई है। रेल मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर देश की पहली हाई स्पीड रेल से जुड़ी तस्वीर प्रदर्शित की गई है। भारतीय रेलवे ने इसकी जानकारी साझा की है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का दौरा कर चुके हैं। यह परियोजना प्रधानमंत्री का महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट मानी जा रही है।
भारत की पहली बुलेट ट्रेन का संचालन 15 अगस्त 2027 से शुरू करने की तैयारी है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत 508 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर यह ट्रेन दौड़ेगी। बुलेट ट्रेन की रफ्तार 320 से 350 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी, जिससे मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय घटकर करीब 2 घंटे रह जाएगा। इस परियोजना की जिम्मेदारी नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के पास है।
रूट और प्रमुख स्टेशन
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर महाराष्ट्र और गुजरात को जोड़ेगा। इस परियोजना के तहत कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, विरार और बोइसर स्टेशन शामिल हैं, जबकि गुजरात में वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती स्टेशन बनाए जाएंगे।
यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। पहले चरण में सूरत से बिलीमोरा और बाद में वापी तक करीब 100 किलोमीटर रूट पर ट्रेन चलाई जाएगी। इसके बाद सेवा को वापी से अहमदाबाद और फिर ठाणे से अहमदाबाद तक विस्तारित किया जाएगा। पूरे 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर मुंबई से अहमदाबाद तक ट्रेन संचालन वर्ष 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
चेन्नई और बेंगलुरु में बन रही स्वदेशी बुलेट ट्रेन
रेल मंत्रालय जापानी शिंकनसेन E5 तकनीक के साथ-साथ स्वदेशी बुलेट ट्रेन ‘बी28’ पर भी काम कर रहा है। इसका निर्माण चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री और बेंगलुरु स्थित बीईएमएल के आदित्य कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। इस ट्रेन की डिजाइन स्पीड करीब 280 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है। इसके शुरुआती मॉडल मार्च 2027 तक ट्रायल के लिए तैयार होने की संभावना है।