देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 24 मई तक कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी उत्तर प्रदेश के बांदा में रही, जहां पारा 47.6 डिग्री तक पहुंच गया।
10 राज्यों में जारी रहेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में इस सप्ताह तेज गर्मी बनी रहेगी। दिन के साथ रातें भी गर्म रहेंगी। कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है, जिससे राहत मिलने की संभावना कम है।
| शहर | राज्य | तापमान |
|---|---|---|
| बांदा | उत्तर प्रदेश | 47.6°C |
| बठिंडा | पंजाब | 47.0°C |
| वर्धा | महाराष्ट्र | 46.5°C |
| सिरसा | हरियाणा | 46.2°C |
| चित्तौड़गढ़ | राजस्थान | 46.2°C |
| पिलानी | राजस्थान | 46.2°C |
20 मई को इन राज्यों में अलर्ट
20 मई को राजस्थान के 19 जिलों, उत्तर प्रदेश के 33 जिलों और पंजाब के 10 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
21 मई को और बढ़ेगी गर्मी
21 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चलेगी। मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार देश के बड़े हिस्से में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
पूर्वोत्तर और दक्षिण में बारिश
असम, मेघालय, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।