भारी बारिश और लगातार भूस्खलन के चलते जम्मू-कश्मीर में जनजीवन प्रभावित है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग छठे दिन भी बंद रहा, जबकि अमरनाथ यात्रा, वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दी गई हैं।
छठे दिन भी नहीं खुला जम्मू-श्रीनगर हाईवे
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (एनएच-44) शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी बंद रहा। कई स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते सड़क मार्ग को ट्रैफिक के लिए सुरक्षित नहीं माना गया है। प्रशासन की ओर से हाईवे को साफ करने का काम लगातार जारी है, लेकिन फिलहाल यातायात बहाल नहीं किया गया है।

यात्रियों को यात्रा टालने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम को देखते हुए फिलहाल यात्रा न करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मौसम सामान्य होने तक भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना रहेगा। साथ ही लोगों से केवल ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से ही सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
फंसे पर्यटकों के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन
हाईवे बंद होने के कारण नॉर्दर्न रेलवे ने राहत देते हुए श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच एक विशेष ट्रेन संचालित की। इस स्पेशल ट्रेन के जरिए करीब 600 पर्यटकों को घाटी से सुरक्षित बाहर निकाला गया। ट्रेन गुरुवार शाम 5:10 बजे श्रीनगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई और बनिहाल होते हुए रात 8:15 बजे कटरा पहुंची। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह सेवा उन यात्रियों के लिए शुरू की गई थी जिन्हें कटरा और जम्मू से आगे की ट्रेनों से यात्रा करनी थी।
रेलवे ने दी अहम सलाह
सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले NTES ऐप, IRCTC वेबसाइट या 139 रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की।
अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोरी यात्रा भी स्थगित
लगातार खराब मौसम, भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने श्री अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा को भी लगातार छठे दिन स्थगित रखा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्राएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
यात्रा स्थगित होने के कारण विभिन्न बेस कैंपों में रुके श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने मुफ्त लंगर, भोजन, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।