जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े भारी ट्रक के पीछे जा घुसी।
ट्रक के पीछे बुरी तरह फंसी कार
जानकारी के मुताबिक, भारी ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे ब्रेकडाउन होने के बाद मरीन ड्राइव की सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद कार में सवार लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया।
गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद से कार को काटा गया, जिसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
सीएम हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'जमशेदपुर में NH हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है. अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है. इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं.'