उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास ग्रेटर नोएडा से आगरा जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। नोएडा पुलिस के मुताबिक, हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो चुकी है।
40 से 50 यात्री बताए गए सवार
जानकारी के मुताबिक बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी। शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि चालक ने आग का पता चलते ही बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, जिसके बाद कई यात्री बाहर निकल सके।
दयानतपुर गांव के पास हुआ हादसा
हादसा जेवर क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।
9 यात्रियों की मौत की पुष्टि
यात्रियों के कूदकर जान बचाने की जानकारी सामने आई थी। बाद में नोएडा पुलिस की जानकारी के मुताबिक इस अग्निकांड में 9 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और दमकल की टीम पहुंची तथा आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई। हादसे के कारणों को लेकर जांच जारी है।