मुंबई - बॉलीवुड में सलमान खान और विवेक ओबेरॉय का नाम सामने आते ही दोनों के बीच सालों पुराना विवाद चर्चा में आ जाता है। लंबे समय से दोनों ने एक-दूसरे को लेकर सार्वजनिक तौर पर दूरी बनाए रखी है। हालांकि, अब एक ऐसा मौका आया है जब विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान की कही बात का समर्थन किया है। सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर सलमान के हालिया बयान पर विवेक ने भी लोगों को नकारात्मकता से दूर रहने की सलाह दी है।

सलमान के बयान पर विवेक ने क्या कहा?
विवेक ओबेरॉय से जब सलमान खान के ट्रोलिंग के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने किसी पुराने विवाद को हवा देने के बजाय सकारात्मकता की बात की। उन्होंने कहा कि किसी को ट्रोल नहीं करना चाहिए और जिंदगी में करने के लिए बहुत से सकारात्मक काम हैं। विवेक ने कहा, “ट्रोलिंग वगैरह करना भी नहीं चाहिए। ट्रोलिंग नेगेटिव चीज है, पॉजिटिव काम इतने हैं लाइफ में करने के लिए, क्या नेगेटिव में पड़े हो।”
बिग बॉस में सलमान ने ट्रोलर्स को दिया था जवाब
दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के हालिया वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने अपनी उम्र, वजन और लुक्स को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया और ट्रोलर्स को जवाब दिया। इस दौरान सलमान ने ट्रोलिंग की मानसिकता और लोगों की ओर से दूसरों की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करने के तरीके पर नाराजगी जताई। सलमान ने इस दौरान अपनी बात रखने के लिए खुद की टी-शर्ट तक उतार दी और अपने शरीर को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों का जवाब दिया। उनके इस अंदाज की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई।
पुराने विवाद के बीच आया बयान
विवेक ओबेरॉय का यह बयान इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि सलमान और उनके बीच वर्ष 2003 में विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। इसके बाद दोनों के बीच रिश्तों को लेकर लंबे समय तक चर्चाएं होती रहीं। लेकिन इस बार विवेक ने सलमान का जिक्र करते हुए किसी व्यक्तिगत मुद्दे पर बात करने के बजाय ट्रोलिंग के खिलाफ उनके संदेश का समर्थन किया। उनका फोकस नकारात्मकता से दूर रहने और जिंदगी में सकारात्मक चीजों पर ध्यान देने पर रहा।
नकारात्मकता से दूर रहने का दिया संदेश
विवेक का कहना था कि लोगों के पास जिंदगी में करने के लिए कई अच्छे और सकारात्मक काम हैं, ऐसे में ट्रोलिंग जैसी नकारात्मक गतिविधियों में समय नहीं लगाना चाहिए। उनके इस बयान को सलमान के हालिया रुख से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल दोनों अभिनेताओं के बीच पुराने विवाद को लेकर कोई नई टिप्पणी सामने नहीं आई है, लेकिन सलमान के ट्रोलर्स के खिलाफ बयान पर विवेक का समर्थन जरूर बॉलीवुड की चर्चाओं में नया मोड़ लेकर आया है।