भोपाल | मध्य प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के शहरी स्वास्थ्य संस्थानों यानी संजीवनी क्लीनिकों में 164 नए संविदा चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इससे शहरी क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को घर के नजदीक ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
घर के पास मिलेगा चिकित्सकीय परामर्श और उपचार
नए चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति से संजीवनी क्लीनिकों में मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों या अस्पतालों तक जाने की जरूरत भी कम होगी। इससे शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने और स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग पर जोर
नए डॉक्टरों की तैनाती से गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर ध्यान देने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग को भी बढ़ावा मिलेगा। संजीवनी क्लीनिकों में शुरुआती स्तर पर बीमारियों की पहचान और उपचार की सुविधा मजबूत होने से मरीजों को समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल सकेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की इस पहल का उद्देश्य शहरी आबादी को सुलभ और बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।