अयोध्या: रामनगरी अयोध्या आज दसवें दीपोत्सव के अवसर पर एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रही है। राम की पैड़ी सहित सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये सजाए जा चुके हैं। अवध विश्वविद्यालय के 35 हजार स्वयंसेवकों ने तीन दिनों की मेहनत के बाद शुक्रवार को दीप सज्जा का काम पूरा कर लिया। शनिवार शाम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एक साथ लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस बार दीपोत्सव कई मायनों में खास है। पहली बार देश के उपराष्ट्रपति अयोध्या के इस भव्य आयोजन के साक्षी बनेंगे। वहीं, राम मंदिर परिसर में भी एक लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा 2100 ड्रोन शो, लेजर शो, रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
56 घाटों पर सजाए गए 30 लाख से ज्यादा दीये
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राम की पैड़ी सहित सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये सजाए गए हैं।अवध विश्वविद्यालय के 35 हजार स्वयंसेवकों ने लगातार तीन दिनों तक मेहनत करके दीप सज्जा का काम पूरा किया। अब शनिवार सुबह से दीयों में तेल और बाती डालने का काम किया जाएगा।दीपोत्सव के नोडल अधिकारी के मुताबिक, इस पूरी व्यवस्था के लिए 900 घाट समन्वयक, 112 घाट प्रभारी और 27 पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। सभी टीमों को निर्धारित समय में अपना काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपराष्ट्रपति और CM योगी करेंगे दीप प्रज्ज्वलित
इस बार दीपोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य रूप से शामिल होंगे। दोनों की मौजूदगी में सरयू तट के घाटों पर एक साथ दीप जलाए जाएंगे।खास बात यह है कि पहली बार देश के उपराष्ट्रपति अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इसके चलते इस बार के आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
पुष्पक विमान से अयोध्या आएंगे प्रभु श्रीराम, होगा राजतिलक
दीपोत्सव के दौरान त्रेतायुग में भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के प्रसंग को जीवंत किया जाएगा। मान्यता के अनुसार, 14 वर्ष का वनवास पूरा करने के बाद भगवान श्रीराम माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे।इसी प्रसंग को दर्शाने के लिए शनिवार दोपहर हेलीकॉप्टर से प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप अयोध्या पहुंचेंगे। इसे पुष्पक विमान के प्रतीक स्वरूप प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रियों एवं संतों के साथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद भरत मिलाप का प्रसंग होगा। पुष्पवर्षा के बीच भगवान श्रीराम रामकथा पार्क पहुंचेंगे, जहां भव्य राम दरबार सजाया गया है।यहां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राजतिलक करेंगे।
राम मंदिर परिसर में भी जलेंगे एक लाख दीप
अयोध्या के राम मंदिर परिसर में भी दीपोत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां एक लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके लिए पूरे परिसर को पांच सेक्टर में बांटा गया है और करीब 1500 मंदिर कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव ने शुक्रवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।उन्होंने बताया कि राम मंदिर समेत परिसर के सभी 18 मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। खास बात यह है कि राम मंदिर परिसर में शनिवार के साथ रविवार को दीपावली के दिन भी दीप जलाए जाएंगे।
धर्मपथ पर लगेंगे 50 डिजिटल स्तंभ
इस साल अयोध्या दीपोत्सव की थीम 'नव भारत की नई अयोध्या' रखी गई है। इसी के तहत धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभ लगाए जा रहे हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रवेश द्वार तक 12-12 फीट ऊंचे ये स्तंभ रामायण के विभिन्न प्रसंगों और डिजिटल लाइट शो को प्रदर्शित करेंगे।इसके अलावा रामकथा पार्क, हनुमानगढ़ी, बिरला मंदिर और सरयू ब्रिज सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को विशेष रोशनी से सजाया गया है।
2100 ड्रोन शो और लेजर लाइट बनेगा आकर्षण
इस बार दीपोत्सव में तकनीक और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सरयू तट पर 2100 ड्रोन के जरिए भव्य शो आयोजित किया जाएगा।इसके अलावा राम की पैड़ी पर लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइट एंड साउंड शो भी आयोजित होंगे।
कार्यक्रम के अन्य प्रमुख आकर्षण इस प्रकार हैं
2100 ड्रोन का भव्य शो
2147 श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सरयू आरती
17 मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
2500 कलाकारों की प्रस्तुतियां
तीन देशों की रामलीला का मंचन
सरयू तट पर ग्रीन आतिशबाजी
राम की पैड़ी पर लेजर और प्रोजेक्शन मैपिंग शो
दीपों की सजावट देखने पहुंच रहे देश-विदेश के पर्यटक
अयोध्या के घाटों पर दीयों से बनाई गई आकर्षक आकृतियां और रंगोली पर्यटकों का ध्यान खींच रही हैं। राम की पैड़ी और आसपास के घाटों पर दीपों की कतारें देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं।
विश्व रिकॉर्ड के साथ जगमगाएगी रामनगरी
दसवें दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या में 30 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। राम मंदिर से लेकर सरयू के घाटों तक विशेष सजावट की गई है। रामलीला, शोभायात्रा, ड्रोन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए पूरी रामनगरी को उत्सव के रंग में रंगा जा रहा है।