लखनऊ | उत्तर प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के 52 अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। शासन की ओर से 7 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को वेतनमान 15,600-39,100 रुपये के साथ 7,600 रुपये ग्रेड पे (पे लेवल-12) में पदोन्नति प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है।
6600 से बढ़कर 7600 हुआ ग्रेड पे
नियुक्ति अनुभाग-3 की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के मुताबिक, पदोन्नति पाने वाले अधिकारी वर्तमान में 15,600-39,100 रुपये वेतनमान और 6,600 रुपये ग्रेड पे (पे लेवल-11) में कार्यरत थे। अब उन्हें 7,600 रुपये ग्रेड पे (पे लेवल-12) के वेतनमान में पदोन्नति दी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति वर्तमान पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
2012, 2013 और 2014 बैच के अधिकारी शामिल
इस पदोन्नति सूची में वर्ष 2012, 2013 और 2014 बैच के PCS अधिकारी शामिल हैं। शासनादेश में कुल 52 अधिकारियों के नाम और उनकी वर्तमान तैनाती का विवरण दिया गया है। यह आदेश राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है। विशेष सचिव अनवीश सक्सेना के हस्ताक्षर से जारी आदेश की प्रतियां संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।