अयोध्या | अयोध्या में 10वें दीपोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार को दो दिन रामनगरी में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम के स्वागत, राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अयोध्या में आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की रोशनी के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा रामलीला और हरित आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा।
हेलीपैड से रामकथा पार्क तक झांकियों का करेंगे अवलोकन
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। रामकथा पार्क में इन तीनों स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा। मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और आमजन के बीच मौजूद रहेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
राम की पैड़ी पर करेंगे सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन
रामकथा पार्क के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां मां सरयू की आरती करेंगे और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दीपों से जगमगाती रामनगरी में प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा दिखाई जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन और लेजर शो का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से संबोधन भी करेंगे।
हरित आतिशबाजी और रामलीला होंगे आकर्षण
राम की पैड़ी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल पहुंचेंगे, जहां हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वह दोबारा रामकथा पार्क पहुंचकर रामलीला देखेंगे। रात्रि में मुख्यमंत्री का सरयू अतिथि गृह में विश्राम प्रस्तावित है।
परंपरा और आधुनिक तकनीक का दिखेगा संगम
10वें दीपोत्सव में अयोध्या को भव्य रूप से सजाया गया है। दीपों की रोशनी, धार्मिक अनुष्ठान, रामलीला, लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और ड्रोन शो के जरिए श्रद्धालुओं को विशेष अनुभव देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दो दिवसीय मौजूदगी से आयोजन की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।