इंदौर | पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल खत्म होता नजर आ रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने 15 नवंबर को होने वाले लाइव शो को मंजूरी दे दी है। इस बार कार्यक्रम का आयोजन नई एजेंसी करेगी। उसे निर्धारित नए नियमों और शर्तों का पालन करने के आधार पर अनुमति दी गई है। कॉन्सर्ट को लेकर पहले मिली धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
नई एजेंसी को मिली आयोजन की अनुमति
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्पष्ट किया कि नई आयोजक एजेंसी को नियमों के तहत कॉन्सर्ट कराने की अनुमति दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा और आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
पुराने आयोजकों से वसूली जाएगी करीब 2 करोड़ की राशि
कॉन्सर्ट को लेकर डबल टैक्सेशन विवाद पर महापौर ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि पुराने आयोजकों पर करीब 2 करोड़ रुपये की बकाया राशि है, जिसकी वसूली अलग से की जाएगी। पुराने आयोजकों की बकाया राशि और नई एजेंसी को दी गई अनुमति को अलग-अलग मामला बताते हुए उन्होंने साफ किया कि नई एजेंसी निर्धारित शर्तों के साथ कार्यक्रम आयोजित कर सकती है।
धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर मिली धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। अब 15 नवंबर को होने वाले इस लाइव शो पर इंदौर के संगीत प्रेमियों की नजरें टिकी हैं।