गाजियाबाद | उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक हुए तेज धमाके से हड़कंप मच गया। घटना के समय चौकी में मौजूद एक सब-इंस्पेक्टर और सामान की डिलीवरी देने पहुंचे एक डिलीवरी बॉय के घायल होने की सूचना है। धमाका किस वस्तु या सामग्री से हुआ, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं।
धमाके से टूटे खिड़की और दरवाजों के शीशे
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबलि मौर्य ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर अचानक विस्फोट हुआ। उस समय वहां एक उप-निरीक्षक और सामान पहुंचाने आया डिलीवरी बॉय मौजूद थे। धमाके की तीव्रता से चौकी के खिड़की और दरवाजों के कांच टूटकर बिखर गए। शीशे के टुकड़े लगने से दोनों घायल हो गए। डिलीवरी बॉय को गंभीर चोटें आई हैं और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
एसीपी सूर्यबलि मौर्य ने बताया कि धमाका किस वस्तु या सामग्री के कारण हुआ, इसका सटीक पता विस्तृत फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके का निरीक्षण कर रहे हैं और चौकी के भीतर हुए विस्फोट के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल धमाके की वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।