ग्वालियर | मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने से पुलिस और रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें स्टेशन पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर सहित कई संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान बम मिलने की सूचना अफवाह निकली।
स्टेशन पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
बम की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। स्टेशन परिसर में संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई। प्लेटफॉर्म और यात्रियों के बैठने वाले स्थानों के साथ टिकट घर समेत अन्य हिस्सों में भी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई बम या संदिग्ध विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।
भिंड जिले के युवक ने दी थी सूचना
पुलिस ने बम होने की सूचना देने वाले युवक को पकड़ लिया है। वह भिंड जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। फिलहाल ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम मिलने की पुष्टि नहीं हुई है और तलाशी अभियान में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।