अयोध्या | रामनगरी अयोध्या में आज भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर 21 आकर्षक शोभायात्रा झांकियां निकाली जाएंगी। रामपथ से होते हुए ये झांकियां रामकथा पार्क पहुंचेंगी। दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में सरयू आरती, रामलीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
सुबह 10 बजे शुरू होगी शोभायात्रा
दीपोत्सव के तहत सुबह 10 बजे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह साकेत महाविद्यालय से 21 शोभायात्रा झांकियों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद सभी झांकियां रामपथ होते हुए रामकथा पार्क पहुंचेंगी। यहां श्रीराम और माता सीता का अवतरण, भरत मिलाप, संतों का सम्मान और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
दोपहर में अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 2 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां वह उपराष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:55 बजे मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में शोभायात्रा और प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। कार्यक्रम में संतों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल हैं।
शाम 5:35 बजे होगी सरयू आरती
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन की शुरुआत शाम 5:35 बजे नया घाट पर सरयू आरती के साथ होगी। इसके बाद राम की पैड़ी पर दीपों से सजी भव्य छटा देखने को मिलेगी। रामनगरी को 3D प्रोजेक्शन मैपिंग से सजाया जाएगा। वहीं, लेजर और ड्रोन शो के जरिए आसमान में आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
रात 8:40 बजे से होगा रामलीलाओं का मंचन
कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रात 7:50 बजे राम की पैड़ी से प्रस्थान करेंगे। रात 8:10 बजे उपराष्ट्रपति को एयरपोर्ट पर विदाई दी जाएगी। इसके बाद रात 8:40 बजे से अंतरराष्ट्रीय और भारतीय रामलीलाओं का मंचन होगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। दीपोत्सव को लेकर अयोध्या में व्यापक तैयारियां की गई हैं। धार्मिक अनुष्ठानों, शोभायात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए पूरी रामनगरी को उत्सव के रंग में सजाने की तैयारी है।