रायपुर। नवा रायपुर में बुधवार को महानदी भवन के पास कर्मचारियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे। चलती बस से धुआं उठते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।आग तेजी से बढ़ती देख कर्मचारियों ने आनन-फानन में बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया। कुछ कर्मचारियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए। बताया गया कि सभी कर्मचारी कार्यालय से घर लौट रहे थे।
इंजन और पिछले हिस्से से निकला तेज धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस महानदी भवन के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके इंजन और पीछे के हिस्से से तेज धुआं निकलने लगा। कुछ ही समय में बस में आग की लपटें दिखाई देने लगीं और आग तेजी से फैल गई।बस के अंदर धुआं भरने से कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख ड्राइवर ने बस रोकने की कोशिश की। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलना शुरू किया।
कुछ कर्मचारियों ने बस से कूदकर बचाई जान
आग बढ़ने के दौरान बस में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने बाहर निकलने के लिए बस से छलांग लगा दी। इस दौरान सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने की बात सामने आई है।घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।हादसे के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी, ताकि आग बुझाने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल बस में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह पता नहीं चल सका है कि चलती बस के इंजन या पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने और आग लगने की वजह क्या थी।पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। बस की स्थिति और आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।