जेवर | यमुना एक्सप्रेसवे पर 23/24 सितंबर की देर रात एक डबल डेकर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और उसमें 30 से अधिक यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख, घायलों को ₹50 हजार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित इलाज कराया जाए और हादसे से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बस में अचानक लगी आग
पुलिस के अनुसार, बस संख्या BR32PA8647 दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास अचानक बस में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी, स्थानीय पुलिस बल, रेस्क्यू टेंडर, जेवर टोल पर मौजूद फायर टेंडर, अन्य चार फायर टेंडर और फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंचीं। टीमों ने आग पर काबू पाने के साथ यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि पुलिस और बचाव दल की मदद से कुल 30 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। हालांकि, बस के अंदर धुएं के बीच जांच करने पर 9 लोग जले और दम घुटने के कारण मृत अवस्था में मिले। हादसे के बाद मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
AC में स्पार्क से आग लगने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस डबल डेकर थी। पुलिस के मुताबिक, बस की छत पर भारी मात्रा में लगेज रखे होने की बात भी सामने आई है, जो आग तेजी से फैलने की एक वजह हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
चालक और परिचालक हिरासत में
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।