झारखंड से दिल्ली के लिए रवाना हुआ एक चार्टर्ड विमान चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L एयर एंबुलेंस के रूप में संचालित किया जा रहा था।फ्लाइट ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। शाम 7:34 बजे विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके कुछ ही देर बाद विमान चतरा जिले के समरिया इलाके के जंगलों में गिरकर क्रैश हो गया।
मरीज को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था
रांची स्थित देवकमल हॉस्पिटल के CEO ने बताया कि एयर एंबुलेंस की व्यवस्था मरीज के परिवार द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को 16 फरवरी को लगभग 65 प्रतिशत झुलसी हुई हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में उनका इलाज जारी था, लेकिन बेहतर उपचार के लिए परिजनों ने उन्हें दिल्ली ले जाने का फैसला किया। सोमवार को करीब 4:30 बजे मरीज को अस्पताल से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली के लिए रवाना किया गया था। हालांकि शाम को चतरा में हुए विमान हादसे में मरीज समेत सभी सात लोगों की जान चली गई।
Comments (0)