वीडी सतीशन आज केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर उन्हें और 20 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
20 मंत्री भी लेंगे शपथ
मुख्यमंत्री के साथ नई कैबिनेट का गठन भी होगा। मंत्रिमंडल में रमेश चेन्निथला, सनी जोसेफ, के मुरलीधरन, पीसी विष्णुनाथ, एपी अनिलकुमार, रोजी एम जॉन, टी सिद्धिक समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। नई सरकार में कई नए चेहरों को भी मौका मिला है।
गठबंधन सरकार में पांच मंत्री मुस्लिम लीग से
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग भी सरकार का हिस्सा होगी। पार्टी के पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसमें पीके कुन्हालिकुट्टी, पीके बशीर, एन शमसुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर शामिल हैं। गठबंधन ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखकर कैबिनेट तैयार की है।
राहुल, प्रियंका और खरगे पहुंचे समारोह में
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे शपथ समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो चुके हैं। खरगे ने इसे ऐतिहासिक जनादेश बताते हुए कहा कि जनता ने बदलाव के लिए कांग्रेस को स्पष्ट समर्थन दिया है।
विपक्षी नेताओं को भी निमंत्रण
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर सहित कई दलों के वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। इसे राज्य की राजनीति का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।