भारतीय चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की 16 स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए लंबे समय से लंबित द्विवार्षिक चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा, जबकि 22 जून को मतगणना कराई जाएगी।
चुनाव प्रक्रिया जून के अंत तक होगी पूरी
- चुनाव आयोग के अनुसार अधिसूचना 25 मई को जारी की जाएगी।
- नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख: 1 जून
- नामांकन पत्रों की जांच: 2 जून
- नाम वापस लेने की अंतिम तारीख: 4 जून
- मतदान: 18 जून
- मतगणना: 22 जून
- पूरी चुनाव प्रक्रिया 25 जून तक पूरी कर ली जाएगी।
2022 से खाली पड़ी थीं कई सीटें
ये चुनाव उन सीटों के लिए कराए जा रहे हैं जो 2022 से खाली पड़ी हुई थीं। स्थानीय निकाय चुनावों में देरी और कई निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण इन क्षेत्रों में चुनाव नहीं हो पाए थे।
75 प्रतिशत नियम पूरा होने के बाद चुनाव संभव
चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक किसी स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव तभी कराए जा सकते हैं, जब वहां कम से कम 75 प्रतिशत स्थानीय निकाय सक्रिय हों और 75 प्रतिशत निर्वाचक अपने पदों पर मौजूद हों। अब महाराष्ट्र के सभी 16 प्रभावित निर्वाचन क्षेत्रों में यह शर्त पूरी हो चुकी है, जिसके बाद चुनाव कराने का रास्ता साफ हुआ।
लागू हुई आदर्श आचार संहिता
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता के तहत नई सरकारी योजनाओं की घोषणा, बड़े सरकारी विज्ञापन और प्रशासनिक तबादलों पर रोक रहेगी।