भारत में मौसम इस समय दो अलग-अलग तस्वीरें दिखा रहा है। एक ओर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मानसून ने तय समय से पहले दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से भीषण लू की चपेट में हैं।
अंडमान पहुंचा मानसून, केरल में जल्द एंट्री के संकेत
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून इस बार सामान्य समय से करीब पांच दिन आगे चल रहा है। अगले दो-तीन दिनों में इसके पूरे अंडमान क्षेत्र और अरब सागर के अन्य हिस्सों में फैलने की संभावना है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार 26 मई तक तट पर पहुंचने के संकेत हैं।
केरल और बंगाल में तेज बारिश
केरल के कई जिलों में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है। पथनमथिट्टा और अलाप्पुझा में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भी बीते 24 घंटे में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
दिल्ली-यूपी में आग उगलता मौसम
उत्तर भारत में सूरज का प्रकोप जारी है। यूपी के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बांदा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ में भी लू ने लोगों को परेशान किया। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है।
पहाड़ों पर भी गर्मी, जल्द राहत की उम्मीद
हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 22 और 23 मई को कुछ क्षेत्रों में राहत मिल सकती है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और लस्सी का सेवन करने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।