मुंबई। Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सरकारी ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी Air India Air Transport Services Limited (AIASL) के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों के प्रदर्शन का सीधा असर उड़ानों पर पड़ा और Air India तथा Air India Express की कई फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं।
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का विरोध
जानकारी के मुताबिक, एआईएएसएल कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और कामकाजी सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अचानक शुरू हुए विरोध के कारण एयरपोर्ट पर चेक-इन, बैगेज लोडिंग, विमान सफाई और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित हो गईं। एआईएएसएल देशभर के कई एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं उपलब्ध कराती है। ऐसे में कर्मचारियों के प्रदर्शन से मुंबई एयरपोर्ट के संचालन पर भी असर दिखाई दिया।
यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
प्रदर्शन के चलते यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई उड़ानों के निर्धारित समय में बदलाव हुआ, जबकि कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर देरी और अव्यवस्था को लेकर शिकायतें भी साझा कीं। एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रदर्शन थर्ड-पार्टी एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा किया गया था, लेकिन एयरलाइन की टीम हालात को सामान्य बनाए रखने और यात्रियों की परेशानी कम करने में जुटी रही।
प्रबंधन के आश्वासन के बाद सामान्य हुए हालात
बाद में एआईएएसएल प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बातचीत हुई। कंपनी के सीईओ रामबाबू ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंप दिया है और कंपनी नियमानुसार उस पर विचार करेगी। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट आए, जिसके बाद एयरपोर्ट पर हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे।
देशभर में बड़ी भूमिका निभाती है AIASL
एआईएएसएल देश के 84 एयरपोर्ट पर करीब 80 एयरलाइंस को सेवाएं देती है। कंपनी रोजाना लगभग 650 उड़ानों की ग्राउंड हैंडलिंग संभालती है। इसके तहत फ्लाईदुबई, सउदीया, ओमान एयर और सलामएयर जैसी कई विदेशी एयरलाइंस भी शामिल हैं। कंपनी में करीब 20 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं।