मुंबई: मुंबई में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 54 वर्षीय प्लंबर की जान चली गई। एलबीएस रोड पर मेट्रो निर्माण के लिए लगाया गया भारी लोहे का बैरिकेड अचानक बाइक सवार के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
काम पर जाते समय हुई हादसा
घटना 18 सितंबर की सुबह मुंबई के विक्रोली इलाके में एलबीएस रोड पर रोसरी बिल्डिंग के पास हुई। मृतक की पहचान वसी हैदर इस्माइली के रूप में हुई है। वह काम के सिलसिले में बाइक से मुलुंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेट्रो निर्माण स्थल पर लगाया गया लोहे का बैरिकेड उनकी चलती बाइक पर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाने के बाद नहीं बची जान
हादसे में वसी हैदर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 12:35 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिवार को सौंप दिया।
परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही का लगाया आरोप
मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर पार्कसाइट पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मेट्रो निर्माण स्थल पर बैरिकेड को ठीक तरह से सुरक्षित नहीं किया गया था और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। मामले में प्रोजेक्ट डायरेक्टर, मैनेजर, साइट सुपरवाइजर और संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जांच की जा रही है।
MMRDA की जांच जारी, हादसे की वजह पर अलग दावा
मामले में मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) की ओर से भी जांच शुरू की गई है। एक अधिकारी के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, संभव है कि बाइक सवार की टक्कर बैरिकेड से हुई हो और इसके बाद वह गिरकर बाइक सवार पर आ गया। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।
मेट्रो निर्माण से जुड़े हादसों पर फिर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय हुई है जब मुंबई में मेट्रो लाइन-4 के निर्माण से जुड़े हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। 12 सितंबर को वडाला के भक्ति पार्क इलाके में निर्माण स्थल पर लोहे की स्टेजिंग संरचना गिरने से दो श्रमिकों की मौत हुई थी। इससे पहले 14 फरवरी को मुलुंड में मेट्रो निर्माण के दौरान प्रीकास्ट कंक्रीट पैरापेट सड़क पर गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हुए थे।