भोपाल। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 20 सितंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का शाखा संगम कार्यक्रम आयोजित होगा। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले कार्यक्रम में शामिल होकर स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया है। RSS के शाखा संगम कार्यक्रम में भोपाल और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों के पहुंचने की तैयारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में 30 हजार से अधिक स्वयंसेवकों की भागीदारी की संभावना है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहेगी।
हमीदिया रोड से आने वाले वाहनों का बदलेगा रूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, हमीदिया रोड से अल्पना तिराहा, मुंगाम टॉकीज तिराहा और भारत टॉकीज होते हुए रोशनपुरा की ओर जाने वाले भारी, मध्यम, हल्के व्यावसायिक और यात्री वाहनों को संगम तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आगे जाना होगा।
जिंसी चौराहे से आने वाले वाहनों के लिए भी बदलाव
जिंसी चौराहे से पुराने पुलिस मुख्यालय की ओर आने वाले वाहनों को लिली चौराहा होकर आगे निकाला जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
80 फीट रोड से DB मॉल तक वैकल्पिक मार्ग
डायवर्जन के दौरान वाहन चालक 80 फीट रोड, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, सुभाष ओवरब्रिज, DB मॉल और बोर्ड ऑफिस की ओर से आवागमन कर सकेंगे। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग तय कर लें और कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक आवागमन से बचें।
ट्रैफिक संबंधी परेशानी पर इन नंबरों पर करें संपर्क
यातायात पुलिस ने जानकारी और शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। वाहन चालक 0755-2677340 और 9993454449 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के WhatsApp नंबर 7587602055 पर भी जानकारी या शिकायत भेजी जा सकती है।