बिहार के नालंदा जिले में स्थित शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दीपनगर क्षेत्र में स्थित मंदिर में मेले और दर्शन के दौरान भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
चैत्र के आखिरी मंगलवार पर उमड़ी भारी भीड़
बताया जा रहा है कि चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। लेकिन भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की कमी
मौके पर न तो व्यवस्थित कतारों की व्यवस्था थी और न ही पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। अव्यवस्था के कारण श्रद्धालु जल्द दर्शन के लिए आगे बढ़ने लगे, जिससे हालात बिगड़ गए।
जल्दी दर्शन की होड़ में मची धक्का-मुक्की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जल्दी दर्शन करने की होड़ में पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। कई लोग गिर पड़े और उनके ऊपर अन्य लोग गिरते चले गए, जिससे भगदड़ मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, घायलों का इलाज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मंदिर परिसर को खाली कराया गया।
जांच और जिम्मेदारी तय करने की तैयारी
प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। प्रारंभिक तौर पर भीड़ प्रबंधन में लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।