प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से दो दिन की इजराइल यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रहा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे और रक्षा, सुरक्षा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। पीएम मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।
दूसरी इजराइल यात्रा
बतौर प्रधानमंत्री यह मोदी की दूसरी इजराइल यात्रा है। इससे पहले 2017 में उन्होंने ऐतिहासिक दौरा किया था और इजराइल जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत के सैन्य आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभा सकती है।
आयरन डोम पर बड़ा प्रस्ताव
इजराइल ने भारत को अपनी प्रसिद्ध आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली उपलब्ध कराने की पेशकश की है। इजराइल के भारत स्थित महावाणिज्यदूत ने कहा कि यह केवल खरीद सौदा नहीं होगा, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ के तहत इन प्रणालियों का निर्माण भारत में किया जा सकता है। भारत में इजराइल के राजदूत ने भी संकेत दिया कि दोनों देश मिसाइल रक्षा और उन्नत तकनीक के क्षेत्र में गहरे सहयोग की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
71 हजार करोड़ के रक्षा समझौते संभव
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यात्रा के दौरान लगभग 71,000 करोड़ रुपये के रक्षा सौदों पर मुहर लग सकती है। इनमें स्पाइस-1000 प्रिसिशन बम, रैम्पेज एयर-टू-ग्राउंड मिसाइल और एयर लोरा बैलिस्टिक मिसाइल जैसे हथियार शामिल हो सकते हैं। साथ ही, आधुनिक लेजर आधारित रक्षा प्रणालियों पर भी चर्चा संभव है।
क्या है आयरन डोम?
आयरन डोम एक मोबाइल, हर मौसम में काम करने वाली कम दूरी की वायु रक्षा प्रणाली है, जो 4 से 70 किलोमीटर की रेंज में दागे गए रॉकेट और मोर्टार को हवा में ही नष्ट कर सकती है। सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख शहरों की सुरक्षा के लिए इसे बेहद प्रभावी माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा कूटनीतिक संबंधों के साथ-साथ भारत-इजराइल रक्षा साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।
Comments (0)