NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने महाराष्ट्र के लातूर से एक बड़े कोचिंग संचालक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मोबाइल में मिला लीक पेपर
लातूर के कोचिंग संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक रविवार को तलाशी के दौरान उनके मोबाइल फोन से परीक्षा का लीक प्रश्नपत्र मिला। एजेंसी का दावा है कि वह संगठित गिरोह का हिस्सा थे और पेपर आगे पहुंचाने में शामिल थे।
कोचिंग सेंटर पर छापा, दस्तावेज जब्त
मोटेगांवकर के रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस के मुख्य कार्यालय पर भी छापेमारी की गई। एजेंसी ने वहां से दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की है। बताया जा रहा है कि इस कोचिंग नेटवर्क का कई जिलों में विस्तार है।
23 अप्रैल को मिला था पेपर
सीबीआई के अनुसार आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर 23 अप्रैल को ही प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी हासिल कर ली थी। इसके बाद इसे कई छात्रों और बिचौलियों तक पहुंचाया गया। एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने में जुटी है।
पेपर सेटिंग कमेटी से जुड़ा मामला
जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपी परीक्षा तैयार करने वाली टीम से भी जुड़े थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने परीक्षा से पहले चुनिंदा छात्रों को विशेष क्लास में संभावित सवाल और उत्तर बताए। इसके बदले लाखों रुपये लिए गए।
3 मई को परीक्षा, 12 मई को रद्द
NEET-UG परीक्षा 3 मई को देशभर में आयोजित हुई थी, जिसमें लाखों छात्र शामिल हुए। गड़बड़ी की शिकायतों के बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया और 12 मई को परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया गया।