कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में हुई अशांति और पुलिस पर हमले की घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पार्क सर्कस स्थित कोलकाता पुलिस के साउथ ईस्ट डिवीजन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो उनसे बुरा पुलिस मंत्री कोई नहीं होगा।
पुलिस और केंद्रीय बलों पर हुआ था हमला
दरअसल, सोमवार को पार्क सर्कस इलाके में भीड़ हटाने गई पुलिस टीम पर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और केंद्रीय बलों पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिसमें कई पुलिसकर्मी और जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया था।
“लोकतांत्रिक विरोध करें, लेकिन कानून हाथ में नहीं लें”
पुलिसकर्मियों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि किसी को भी विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन वह कानून और लोकतांत्रिक दायरे में होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने धार्मिक नारे लगाते हुए माहौल बिगाड़ने और पत्थरबाजी करने की कोशिश की, जिसे सरकार किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पहले जैसी स्थिति नहीं रहेगी, जहां पुलिस के हाथ बंधे रहते थे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की गुंडागर्दी, हिंसा या देशविरोधी गतिविधियों को अब सीधे तौर पर कुचला जाएगा।
“पुलिस बिना डर के कार्रवाई करे”
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के अनुसार निडर होकर कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्रवाई करते समय यह न देखा जाए कि आरोपी किस राजनीतिक दल, धर्म या समुदाय से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री लगातार कहते हैं – ‘डर आउट, भरोसा इन’। कोलकाता पुलिस को उसके पुराने गौरव पर वापस लाना होगा।”
सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
शुभेंदु अधिकारी ने पार्क सर्कस समेत राज्य में हुई ऐसी सभी घटनाओं को लेकर सख्त संदेश देते हुए कहा कि यह आखिरी चेतावनी है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में पुलिस पर हमला हुआ तो सरकार कठोरतम कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब वह दौर खत्म हो गया है जब पुलिस घायल होती थी और सरकार चुप बैठी रहती थी।
पुलिस की भूमिका की सराहना
हालांकि मुख्यमंत्री ने पार्क सर्कस मामले में पुलिस की भूमिका की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थिति के बावजूद पुलिस ने संयम बनाए रखा और सरकार हर हाल में पुलिस बल के साथ खड़ी है।