कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक पासा पलटते ही भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन शुरू हो गया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नए मुख्यमंत्री ने साफ चेतावनी दी है कि 'किसी भी तरह का कुकर्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा'। इस कड़े निर्देश के बाद से ही जिलों में पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार का नेटवर्क चलाने वाले बड़े चेहरे अब एक-एक कर पुलिस के शिकंजे में आ रहे हैं। इसी कड़ी में कूचबिहार और दुर्गापुर से टीएमसी के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।
दिनहाटा में बिल्डिंग प्लान जालसाजी: उदयन गुहा के करीबी पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार
कूचबिहार जिले की दिनहाटा नगर पालिका में बिल्डिंग प्लान पास कराने में हुई भारी जालसाजी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। टीएमसी के कद्दावर नेता उदयन गुहा के करीबी और दिनहाटा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन गौरीशंकर माहेश्वरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी, जिसके बाद रविवार रात उन्होंने खुद आत्मसमर्पण कर दिया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इससे ठीक एक दिन पहले, शनिवार को पुलिस ने इसी मामले में उदयन गुहा की एक और करीबी और नगर पालिका कर्मी मौमिता भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया था, जिसे रविवार को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्गापुर में रंगदारी और आतंक फैलाने के आरोप में टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष अरेस्ट
दूसरी तरफ, दुर्गापुर के फरीदपुर ब्लॉक में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इलाके में आतंक फैलाने, बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकाने और आम लोगों को उकसाने के आरोप में फरीदपुर ब्लॉक टीएमसी अध्यक्ष शतदीप घटक को रविवार रात फरीदपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर लंबे समय से डरा-धमकाकर रंगदारी (तोलाबाजी) वसूलने का आरोप है। पुलिस उन्हें पुलिस रिमांड की मांग के साथ दुर्गापुर उप-मंडलीय अदालत में पेश करेगी।
आसनसोल और दासपुर में भी गिरे भ्रष्टाचार के विकेट
पुलिस का यह अभियान सिर्फ यहीं नहीं रुका। आसनसोल में भी दक्षिण थाने की पुलिस ने रंगदारी और कई अन्य आपराधिक मामलों में शामिल टीएमसी के श्रमिक नेता राजू अहलुवालिया को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, दासपुर में भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दासपुर-1 पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष कुमारेश भुइयां को दबोच लिया है। कुमारेश, दासपुर की पूर्व टीएमसी विधायक ममता भुइयां के बेटे हैं। उन पर इलाके में गुंडागर्दी और रंगदारी टैक्स वसूलने का गंभीर आरोप है।राज्य में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साफ है कि आने वाले दिनों में कई और रसूखदार नाम पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं।