बकखाली: सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के गंभीर आरोपों के बीच रविवार रात पश्चिम बंगाल पुलिस ने बकखाली के फ्रेजरगंज तटीय इलाके में बड़ी छापेमारी कर तृणमूल विधायक दिलीप मंडल के बेटे अर्घ्य मंडल को आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस संयुक्त कार्रवाई में STF, डायमंड हार्बर पुलिस और जिला पुलिस की टीम शामिल रही।
गुप्त ठिकाने पर दबिश, 5 लोग दबोचे गए
पुलिस की गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में केवल अर्घ्य मंडल ही नहीं, बल्कि विधायक के करीबी सहयोगी हसन गाजी समेत कुल चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी को मौके से हिरासत में लिया गया और पूछताछ जारी है।
विधायक के घर से शुरू हुई थी जांच
जानकारी के अनुसार, पिछले गुरुवार को विष्णुपुर स्थित विधायक दिलीप मंडल के आवास पर भारी पुलिस बल ने तलाशी अभियान चलाया था। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही विधायक पीछे की टूटी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इसके बाद से ही उनके बेटे का भी कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोबाइल टावर लोकेशन ट्रैकिंग और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बकखाली में छापेमारी की, जहां से हथियारों के साथ अर्घ्य मंडल को गिरफ्तार किया गया।
फरार विधायक की तलाश तेज
इस पूरे मामले के बाद से तृणमूल विधायक दिलीप मंडल अब भी फरार हैं। पुलिस ने जिलेभर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और जांच लगातार जारी है।