विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक ऐसी खबर आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। दिल्ली के चर्चित श्रद्धा वॉकर हत्याकांड की तर्ज पर यहाँ एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शव को तीन हिस्सों में काटा और फ्रिज व ट्रॉली बैग में छिपा दिया। आरोपी ने बाद में खुद थाने जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
आरोपी की पहचान 30 वर्षीय चिंतादा रवींद्र के रूप में हुई है, जो नौसेना (INS डेगा) में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, रवींद्र पिछले दो साल से गाजुवाका इलाके के एलवी नगर में एक किराए के फ्लैट में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रह रहा था। हाल ही में उसकी पत्नी दूसरे बच्चे के जन्म के बाद अपने मायके गई हुई थी। घर खाली देख रवींद्र ने अपनी प्रेमिका पॉली पल्ली मौनिका को फ्लैट पर बुलाया।
डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी कहानी
पूछताछ में यह बात सामने आई कि रवींद्र और मौनिका की मुलाकात 2021 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। रवींद्र का दावा है कि मौनिका ने उससे 3 लाख रुपये उधार लिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो मौनिका ने उनके संबंधों के बारे में रवींद्र की पत्नी को बताने की धमकी दी। इसी ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रवींद्र ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
सुनियोजित तरीके से की हत्या
पुलिस जांच में पता चला है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। आरोपी ने हत्या के लिए पहले ही ऑनलाइन हथियार मंगवा लिया था। रविवार को जब मौनिका फ्लैट पर आई, तो पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ। गुस्से में रवींद्र ने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को तीन हिस्सों में काटा। धड़ का हिस्सा फ्रिज में रख दिया, जबकि सिर और हाथों को अदाबिवरम के एक सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया। बाकी हिस्से ट्रॉली बैग में भरकर बेड के नीचे छिपा दिए।
दोस्त की सलाह पर सरेंडर
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रवींद्र घबरा गया और उसने अपने एक दोस्त को फोन कर पूरी बात बताई। दोस्त की सलाह पर सोमवार को आरोपी खुद गाजुवाका थाने पहुँचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फ्लैट से मृतका के अवशेष और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि- "आरोपी हिरासत में है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शव के अवशेषों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।"