


मध्यप्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। प्रदेश के कई जिलों में जोरदार और लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रदेश से होकर गुजर रही मानसून द्रोणिका जबर्दस्त असरकारक साबित हो रही है। राज्य में अलग-अलग जगहों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं जिससे प्रदेश के 26 जिले तर बतर हुए। इधर रात में और शनिवार को भी बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहने की बात कही गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश के ढाई दर्जन से ज्यादा जिलों में जोरदार बरसात का अनुमान है। ग्वालियर चंबल संभाग के साथ ही सागर, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभागों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में दिनभर पानी बरसा। यहां 9 घंटों में 72 मिमी यानि करीब 3 इंच बारिश हुई। नरसिंहपुर में 2.6 इंच, सागर में 1.5 इंच, मंडला-दमोह में 1 इंच बारिश हुई। प्रदेश के आधे हिस्सों में रात को भी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
24 घंटे में 8 इंच या इससे ज्यादा बारिश होने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय है। मानसून द्रोणिका प्रदेश से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में मंडला, सिवनी और बालाघाट में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां अगले 24 घंटे में 8 इंच या इससे ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई है। इन जगहों पर बाढ़ की चेतावनी भी जारी कर दी गई है।