Jaipur: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasara) ने मंगलवार को बीजेपी पर लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने पहले राजस्थान की जनता को भ्रमित किया, अब लोकसभा चुनाव के लिए पूरे देश की जनता को मोदी और श्री राम मंदिर के नाम पर गुमराह कर रही है।
'लोगों को धर्म के नाम पर किया जा रहा गुमराह'
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मंगलवार को सूरतगढ़ रोड स्थित केएलएम होटल में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "बीजेपी विकसित भारत संकल्प अभियान चला रही है, लेकिन इसकी आड़ में मोदी- मोदी और श्री राम मंदिर का ही जिक्र कर रही है।" उन्होंने कहा, "अभियान के तहत बीजेपी का देश को विकसित करने का विजन क्या है, किसी को कुछ पता नहीं, बस लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में फिर से सत्ता पर काबिज हुआ जा सके।"
बीजेपी पर लगाया ये आरोप
डोटासरा ने आगे कहा, "बीजेपी लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह कर रही है ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में फिर से सत्ता पर काबिज हुआ जा सके।" उन्होंने कहा प्रदेश में किसी को नहीं पता कि भजनलाल सरकार क्या करेगी। बीजेपी को प्रदेश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करना चाहिए लेकिन वह जनता को कुछ नहीं समझती।
गहलोत सरकार की जमकर तारीफ की
प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा (Govind Singh Dotasara) ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को अपने अधीन कर लिया है और अब तो यह भी संशय है कि आगामी लोकसभा चुनाव होंगे भी या नहीं। उन्होंने कहा बीजेपी के पास बताने के लिये कुछ नहीं है और कांग्रेस के पास बताने को बहुत कुछ है अशोक गहलोत सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए बहुत कुछ किया है।
करणपुर सीट को लेकर कही ये बात
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एक मिनट भी गंवाए बिना वे इस चुनाव (Govind Singh Dotasara) को जीतने के लिए सारा जोर लगा दें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि श्रीकरणपुर सीट पर बीजेपी को जबरदस्त झटका लगेगा और जनता को कुछ नहीं समझने वाली बीजेपी इस हार के बाद जनता को समझने लगेगे। प्रदेश के श्रीकरणपुर सीट पर पांच जनवरी को मतदान होगा जहां बुधवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। बता दें कि यहां कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की वजह से इस सीट पर चुनाव रद्द हो गया था।