Jaipur: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जयपुर आने के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। पीएम मोदी 6 जनवरी की जगह 5 जनवरी को जयपुर आएंगे। पीएम मोदी का शाम को जयपुर आने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे संगठनात्मक बैठक ले सकते हैं। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी बीजेपी विधायक भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद पीएम राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं अगले दिन 6 जनवरी को डीजी-आईजी कांफ्रेंस में भाग लेंगे। पीएम मोदी की बैठक को लेकर प्रदेश बीजेपी कार्यालय में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
राज्यपाल ने राजभवन परिसर का लिया अनौपचारिक जायजा
पीएम नरेन्द्र मोदी की यात्रा को देखते हुए राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार को राजभवन परिसर का अनौपचारिक जायजा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री की यात्रा से संबंधित सुरक्षा और आवश्यक तैयारियों के बारे में जानकारी लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं से संबंधित समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और उनके ठहरने से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने राजभवन परिसर का भ्रमण कर प्रधानमंत्री के दौरे से संबंधित कार्यों का विशेष रूप से जायजा लेते हुए तैयारियों को प्रभावी रूप से करने के निर्देश दिए।
जयपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जयपुर में होने वाले डीजी-आईजी सम्मेलन में गृह मंत्री अमित शाह 3 दिन तक शामिल होंगे। वे 5 से 7 जनवरी तक जयपुर में रहकर इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी और गृहमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए एसपीजी के अधिकारी जयपुर में सुरक्षा इंतजाम पहले ही चेक कर चुके हैं। सम्मेलन में अमित शाह मुख्य अतिथि रहेंगे, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कार्यक्रम की अध्यक्षता कर सकते हैं।
कहां रूकेंगे गृहमंत्री?
पुलिस मुख्यालय और जयपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से तैयार सुरक्षा इंतजाम पर एसपीजी ने काम करना शुरू कर दिया है। बुलेटप्रूफ गाड़ियों का इंतजाम किया गया है। गृहमंत्री को तीन दिनों तक सोडाला के पास एक गेस्ट हाउस में ठहराया जाएगा। इस सेमिनार में देश के 28 राज्यों के डीजी-आईजी और 8 केन्द्र शासित प्रदेशों के आईजी शामिल होंगे। 150 से अधिक सरकारी अधिकारियों के लिए विधानसभा के पास बने विधायक क्वार्टरों में इंतजाम किया गया है। इन अधिकारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जयपुर पुलिस के पास है।