Jaipur: राजस्थान में भजनलाल सरकार (Rajasthan Government) ने नगरीय विकास विभाग (यूडीएच) से 100 दिन की कार्ययोजना मांगी है। इसका प्लान इस तरह से तैयार करने के निर्देश दिए हैं कि इसे अगले 3 महीने में पूरा करके जनता के सामने उसका रिजल्ट दिया जा सके। जयपुर की बात करें तो यहां अभी कई प्रोजेक्ट निर्माणाधीन है, लेकिन इनमें से ऐसा एक प्रोजेक्ट नहीं है, जो मार्च 2024 तक पूरा हो सके। ऐसे में अब संभावना है कि सरकार एक बार फिर प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत दी जा रही छूट को बहाल करते हुए कैंप लगाकर लोगों को उनके मकान, दुकान, जमीन के पट्टे देने का अभियान शुरू कर सकती है।
यूडीएच ने दिए ये निर्देश
यूडीएच ने प्रदेश के तमाम यूआईटी, विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड, मेट्रो प्रशासन को प्लान तैयार करने के निर्देश दिए है। इसमें विभाग ने इन सभी एजेंसियों को पत्र लिखकर अपने-अपने क्षेत्र के जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। हालांकि सूत्रों का मानना है कि अधिकांश एजेंसियों से प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत आए आवेदनों को पूरा करने के लिए अभियान को फिर से शुरू करने की मांग की जा सकती है।
60 हजार से ज्यादा आवेदन लंबित
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनावों की आचार संहिता लगने के बाद प्रशासन शहरों के संग अभियान और उसके तहत दी जाने वाली छूट पर रोक लग गई थी। उस समय प्रदेश के 200 से ज्यादा नगरीय निकायों में 60 हजार से ज्यादा लोगों के आवेदन पेंडिंग रह गए थे। इसमें ज्यादातर आवेदन जमीनों की लीजडीड (पट्टे) जारी करने से संबंधित थे। इसके अलावा नाम ट्रांसफर, उपविभाजन, पुर्नगठन, फ्री हेल्ड पट्टा, स्टेट ग्रांट एक्ट के तहत पट्टे जारी करने के भी प्रकरण शामिल है।
जयपुर में ये प्रोजेक्ट निर्माणाधीन
जयपुर में जेडीए की तरफ से 4 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स (Rajasthan Government) पर काम चल रहा है। इसमें बीटू बाइपास पर सिग्नल फ्री जंक्शन बनाने, झोटवाड़ा में एलीवेटेड रोड बनाने के अलावा जवाहर सर्किल पर अंडरपास और सौंदर्यीकरण काम और एसएमएस हॉस्पिटल में आईपीडी टॉवर का काम चल रहा है। सूत्रों की माने तो इनमें से कोई भी प्रोजेक्ट मार्च 2024 तक पूरा नहीं होगा।
मेट्रो के अगले फेज का काम शुरू
जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी दिल्ली बाइपास पर मेट्रो के अगले फेज का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए दिल्ली बाइपास पर सूरजपोल अनाज मंडी के पास मैन बाइपास पर बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक को पिछले दिनों डायवर्ट किया गया। यहां ट्रांसपोर्ट नगर का स्टेशन बनाने का काम शुरू किया जा रहा है।