Jaipur: जयपुर में होने वाले डीजी-आईजी सम्मेलन (DG-IG Conference) में भारत के गृह मंत्री अमित शाह 3 दिन तक शामिल होंगे। वह 5 से 7 जनवरी तक जयपुर में रहकर इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6-7 जनवरी को जयपुर में रहेंगे। पीएम और गृहमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए एसपीजी के अधिकारी जयपुर में सुरक्षा इंतजाम पहले ही चेक कर चुके हैं। सम्मेलन में अमित शाह मुख्य अतिथि रहेंगे, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कार्यक्रम की अध्यक्षता कर सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजाम
पुलिस मुख्यालय और जयपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से तैयार सुरक्षा इंतजाम पर एसपीजी ने काम करना शुरू कर दिया है। बुलेट प्रूफ गाड़ियों का इंतजाम किया गया है। गृहमंत्री को तीन दिनों तक सोडाला के पास एक गेस्ट हाउस में ठहराया जाएगा। इस सेमिनार में देश के 28 राज्यों के डीजी-आईजी और 8 केन्द्र शासित प्रदेशों के आईजी शामिल होंगे। 150 से अधिक सरकारी अधिकारियों के लिए विधानसभा के पास बने विधायक क्वार्टरों में इंतजाम किया गया है। इन अधिकारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जयपुर पुलिस के पास है।
बुलेट प्रूफ गाड़ियों का भी किया गया इंतजाम
मोटर गैराज के पास जितनी भी नई मॉडल (DG-IG Conference) की गाड़ियां हैं, उन्हें इस दौरान लगाया गया है। कुछ गाड़ियों को दूसरे जिलों से भी मंगवाया गया है। पीएम और गृह मंत्री के लिए गाड़ियों का इंतजाम दिल्ली से हुआ है। वहीं, देश की सभी बड़ी एजेंसियों के प्रमुखों के लिए मोटर गैराज की ओर से बुलेट प्रूफ गाड़ियों का इंतजाम किया गया है। जयपुर पुलिस के कमांडो को डीजी-आईजी की सुरक्षा में तैनात किया गया है। वहीं, विधायक क्वार्टरों को मंगलवार से लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। 8 तारीख के बाद से क्वार्टरों से सुरक्षा हटाई जाएगी। इसके बाद लोग आ जा सकेंगे।
भजनलाल शर्मा अधिकारियों के साथ कर चुके हैं बैठक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस कॉन्फ्रेंस को लेकर दो बार अधिकारियों के साथ मीटिंग कर चुके हैं। कल भी सचिवालय में सीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक ली। पीएम, गृहमंत्री के रुकने के इंतजाम पर करीब 30 मिनट तक सीएम ने अधिकारियों से जानकारी मांगी। सुरक्षा के इंतजाम पर सीएम का खास फोकस रहा। इसे लेकर डीजीपी यूआर साहू और जयपुर कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ से भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा को लेकर उनका प्लान सीएम को बता दिया है। सीएम ने सभी अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में 58वें पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन की तैयारियों की दूसरी उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी तरह की तैयारियां समयबद्ध सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
ये है पूरा शेड्यूल
कॉन्फ्रेंस के दौरान सभी डीजी-आईजी को एमएलए क्वार्टर्स (DG-IG Conference) में बने हुए प्रांगण में सुबह 6:00 बजे योगा कराया जाएगा। इसके लिए योगा टीचर को हायर कर लिया गया है। डीजी और आईजी के लिए स्पोर्ट्स ट्रैकसूट का भी इंतजाम किया गया है। तीन दिनों तक सुबह उठने के बाद योगा का शेड्यूल रहेगा, जिसके बाद इन्हें सुबह 9:00 बजे सेंटर तक बस के माध्यम से भेजा जाएगा। शाम करीब 6 से 8:00 बजे तक सेमिनार चलेंगे। इसके बाद दोबारा से सभी अधिकारियों को सरकारी क्वार्टरों यानी एमएलए क्वार्टर तक लाया जाएगा।