Jaipur: नए हिट एंड रन कानून के विरोध (Truck Driver Protest) में सोमवार को राजस्थान में विरोध शुरू हो गया। प्रदेश में ट्रक और ट्रेलर एसोसिएशन के साथ प्राइवेट बस ऑपरेटर्स भी हड़ताल पर उतर आए है। एहतियात के तौर पर रोडवेज बसों का संचालन बंद रहा। अलवर, अजमेर, जयपुर, भीलवाड़ा समेत अलग-अलग जिलों में इस कानून को लेकर विरोध किया गया और चक्का जाम किया। चक्का जाम के चलते जयपुर की मुहाना मंडी में भी कारोबार बंद रहा। व्यापारियों ने बताया कि अलग-अलग राज्यों से आने वाली सब्जियां और फ्रूट मंडी तक नहीं पहुंच पाए। अजमेर और जालोर में भी ट्रक ऑपरेटर्स की ओर से भी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया और कानून में संशोधन की मांग की गई।
लोक परिवहन और ट्रक ड्राइवर हड़ताल पर
इस कानून के विरोध में लोक परिवहन और ट्रक ड्राइवर हड़ताल पर उतर आए हैं। चंदवाजी और दौसा में ड्राइवरों की ओर से हाईवे को जाम किया गया। हड़ताल को देखते हुए अलवर और मत्स्य नगर डिपो से रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया। मत्स्य नगर डिपो मैनेजर यश प्रधान का कहना है कि सोमवार को 100 से ज्यादा रोडवेज बसों का संचालन नहीं हो पाया। इसकी जानकारी मुख्यालय को भी दे दी है।
भीलवाड़ा में रोडवेज बसों को रोका गया
भीलवाड़ा में भी इसका असर देखने को मिला। यहां आंदोलनकारियों ने रोडवेज और लोक परिवहन की बसों को रोका। इससे पूर्व ड्राइवर रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भीलवाड़ा डिपो से कोटा, अजमेर, बांसवाड़ा, जयपुर, बीकानेर, भरतपुर जाने वाली बसों को रोक दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस हड़ताल से 90 से ज्यादा रोडवेज बसें प्रभावित हुईं। इसके बाद भीलवाड़ा गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, भीलवाड़ा जिला निजी बस एसोसिएशन और ऑल ड्राइवर कल्याण संघ की ओर से कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। भरतपुर में रोडवेज बस और टैक्सी ड्राइवर ने हड़ताल शुरू कर दी है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
मुहाना मंडी में फ्रूट और सब्जियों की सप्लाई बंद
हड़ताल का असर मुहाना मंडी में भी देखने (Truck Driver Protest) को मिला। सब्जी और फ्रूट मंडी तक सामान तक नहीं पहुंच पाया। हाईवे के बीच ट्रकों को खड़ा कर दिया गया है। फल विक्रेता संघ मुहाना मंडी जयपुर के मंत्री कैलाश फाटक ने बताया कि सोमवार को मंडी में व्यापार 50 प्रतिशत तक प्रभावित रहा है। ट्रांसपोर्ट हड़ताल के कारण मंडी से खरीदार बिना कुछ लिए ही लौट गए। उन्होंने बताया कि यदि ऐसा ही रहा तो आने वाले दिनों में इसका असर देखने को मिलेगा और सप्लाई प्रभावित होगी।
अजमेर और जालोर में किया प्रदर्शन, हड़ताल की चेतावनी
ट्रक और ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने सोमवार को अजमेर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन के जरिए नए कानून में संशोधन करने की मांग की है। ट्रक और ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमरावसिंह यादव ने बताया कि नए कानून को लेकर प्रदेश भर में विरोध शुरू हो गया है। जिले के नसीराबाद स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर ड्राइवरों की ओर से जाम लगाया गया। सभी ने नए कानून में संशोधन करने की मांग रखी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जाम लगने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी तरह जालोर में भी जीप-कार टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन की ओर से टैक्सी स्टैंड से लेकर कलेक्ट्रेट चौराहे तक जुलूस निकाला गया। इस दौरान यूनियन की ओर से कानून को दोबारा लेने की मांग की गई।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी पड़ रहा असर
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन राजस्थान के संरक्षक अनिल कुमार (Truck Driver Protest) जैन ने बताया कि हड़ताल का असर अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी पड़ने लगा है। ड्राइवर हड़ताल पर है, तो बसें कैसे चलेंगी। जो बसें जयपुर से बाहर गई थीं, उनके पहिए थम गए हैं। इसके साथ ही टैक्सी ड्राइवर भी इस हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। ट्रांसपोर्ट के अगर ये साधन बंद हो गए तो इसका असर न केवल फल-सब्जी या आने-जाने पर पड़ेगा, बल्कि पेट्रोल- डीजल भी मिलने बंद हो जाएंगे।