राजस्थान में सोमवार से मानसून की विदाई का दूसरा चरण शुरू हो गया। इसके तहत पूरे बीकानेर संभाग, झुंझुनूं जिले के साथ सीकर और नागौर के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो गया है।इसके साथ ही जयपुर संभाग के भी कुछ इलाकों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल रहने की संभावना है।
आज कहीं बारिश का अलर्ट नहीं
मानसून की वापसी के साथ राजस्थान में मौसम शुष्क होने लगा है। सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी और उमस महसूस हुई।आज राज्य में कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान जताया है।
जैसलमेर में पारा 40 के पार
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में गर्मी का असर बढ़ गया है। यहां अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार यह दूसरा दिन है जब जैसलमेर में पारा 40 डिग्री के पार पहुंचा है।वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस साल कमजोर रहा मानसून
राजस्थान में इस साल मानसून सीजन कमजोर रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में सामान्य की तुलना में करीब 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है।अब मानसून की वापसी का दौर शुरू होने के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने और तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला देखने को मिल रहा है।
पंजाब और हरियाणा से भी मानसून की वापसी
मानसून की विदाई के दूसरे चरण में राजस्थान के अलावा पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के करीब आधे हिस्से से भी मानसून की वापसी हो चुकी है।राजस्थान में अगले कुछ दिनों में अन्य इलाकों से भी मानसून के लौटने की संभावना जताई गई है।