भोपाल डेस्क:भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की T20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। मिचेल सैंटनर टीम की कमान संभालेंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा।
11 दिनों में चार शहरों में होंगे पांच T20 मैच
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज 11 दिनों के भीतर चार शहरों में खेली जाएगी। यह सीरीज भारत के न्यूजीलैंड दौरे का हिस्सा है, जिसमें पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी शामिल हैं।न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, इस दौरे के लिए अब तक 76 हजार से अधिक टिकट बिक चुके हैं।
T20 विश्व कप फाइनल वाली टीम के 13 खिलाड़ी शामिल
न्यूजीलैंड की उस टीम के 13 खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ आगामी T20 सीरीज के लिए चुना गया है, जिसने इस साल T20 विश्व कप के फाइनल में भारत के खिलाफ मुकाबला खेला था।चोट के कारण विश्व कप से बाहर रहे माइकल ब्रेसवेल और तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की टीम में वापसी हुई है। 34 वर्षीय मिल्ने ने अब तक 243 T20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 56 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं। वह एक साल से ज्यादा समय बाद न्यूजीलैंड की टीम में लौटे हैं।
तेज गेंदबाजी विभाग में मिल्ने के साथ लोकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जेमीसन और जैकब डफी जैसे अनुभवी गेंदबाज शामिल हैं। वहीं जाक फाउल्क्स और नाथन स्मिथ युवा तेज गेंदबाजों के तौर पर टीम का हिस्सा हैं।
रचिन रवींद्र चोट के कारण टीम से बाहर
ऑलराउंडर रचिन रवींद्र दाएं कंधे के खिसकने की वजह से इस T20 सीरीज में नहीं खेलेंगे। पिछले सप्ताह एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान उन्हें चोट लगी थी।
फिन एलन और टिम सीफर्ट फिर संभालेंगे ओपनिंग की जिम्मेदारी
T20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले फिन एलन और टिम सीफर्ट एक बार फिर न्यूजीलैंड के लिए पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे। T20 विश्व कप के बाद यह पहली बार होगा, जब दोनों एक साथ शीर्ष क्रम में उतरेंगे।
एलन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में महज 33 गेंदों पर नाबाद शतक लगाया था। वहीं सीफर्ट ने 33 गेंदों में 58 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला नौ विकेट से जीता था।
सीफर्ट को 'द हंड्रेड' में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। उन्होंने 168 के स्ट्राइक रेट से 394 रन बनाए थे, जिसमें फाइनल में 38 गेंदों पर खेली गई 72 रन की मैच जिताऊ पारी भी शामिल थी।
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की 16 सदस्यीय T20 टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लोकी फर्ग्यूसन, जैक फॉक्स, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जेमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट और नाथन स्मिथ।