लखनऊ: भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं के नाम एक ‘पाती’ लिखकर भगत सिंह के जीवन, साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह ने महज 23 वर्ष की उम्र में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनकी जयंती युवाओं के लिए राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है।
भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील
CM योगी ने युवाओं से भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर जाति-पाति, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की।उन्होंने कहा कि भगत सिंह केवल साहस और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक ही नहीं थे, बल्कि वह ज्ञान के प्रति भी बेहद जिज्ञासु थे। मुख्यमंत्री के मुताबिक भगत सिंह हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी सहित कई भाषाओं के जानकार थे।उन्होंने युवाओं से कहा कि ज्ञान को अपनी ताकत बनाएं और लगातार सीखने की ललक को बनाए रखें।
‘ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ें’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए अपने संदेश में एक स्पष्ट सूत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि “ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ें।”मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को वास्तविक सामर्थ्य में बदल सकता है। इसके बाद संकल्प को कर्म से जोड़कर अपने लक्ष्यों और सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी का अवसर मिल रहा है।वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए युवाओं को अपना उद्यम शुरू करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए आधार उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने की बात
CM योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा और नए विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि वे रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाले भी बन सकें।
हर जिले में आधुनिक और डिजिटल लाइब्रेरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं।उन्होंने युवाओं से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पुस्तक नया विचार देती है और एक नया विचार पूरे समाज को दिशा देने की क्षमता रखता है।
किताबों को मित्र बनाएं, जिज्ञासा को जिंदा रखें
मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने और लगातार सवाल पूछने की आदत विकसित करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि युवाओं को नए विचारों को जानने और समझने की कोशिश करते रहना चाहिए। सीखने की प्रक्रिया को लगातार जारी रखने के लिए अपनी जिज्ञासा को जीवित रखना जरूरी है।
‘ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान UP बनाएं’
भगत सिंह की जयंती पर अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि सभी मिलकर भगत सिंह के सपनों के अनुरूप उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।उन्होंने युवाओं से ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश बनाने के लिए आगे आने की अपील की।