लखनऊ: उत्तरप्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) राजधानी लखनऊ में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। पार्टी संस्थापक मान्यवर कांशीराम के 20वें परिनिर्वाण दिवस पर शुक्रवार को कांशीराम स्मारक स्थल पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी सुप्रीमो मायावती अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के साथ अलग से कांशीराम को श्रद्धांजलि देंगी। कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लखनऊ में BSP का राज्य स्तरीय कार्यक्रम
कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर बसपा का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की मौजूदगी में प्रदेशभर से आए नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।कार्यक्रम में पार्टी के कोऑर्डिनेटर, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री और अन्य पदाधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचने के लिए कहा गया था। गुरुवार से ही अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं का राजधानी पहुंचना शुरू हो गया।बसपा सुप्रीमो मायावती अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के साथ कांशीराम को श्रद्धांजलि देंगी।
रमाबाई आंबेडकर मैदान में ठहरेंगे कार्यकर्ता
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाले बसपा कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में व्यवस्था की गई है। पार्टी की योजना के तहत कार्यकर्ताओं को एक जगह एकत्र कर कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी के जरिए पार्टी प्रदेश में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करेगी।
2027 विधानसभा चुनाव पर BSP की नजर
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले बसपा संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की दिशा में जुटी है। पिछले कुछ विधानसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है, ऐसे में आगामी चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करना उसके सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती है।