लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और गांव में ही उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। सावित्री देवी के निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार के हवाले से सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए पौड़ी गढ़वाल पहुंच सकते हैं।

गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली निधन की खबर
जिस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मां के निधन की सूचना मिली, उस समय वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। यहां 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। मां के निधन की दुखद खबर मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री ने अपना निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा। इस खबर के सामने आने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।
लंबे समय से अस्वस्थ थीं सावित्री देवी

जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी काफी समय से बीमार चल रही थीं। वह उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में रहती थीं। गांव स्थित पैतृक आवास पर ही उनका इलाज चल रहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी कई मौकों पर अपनी मां से मिलने पहुंचे थे। करीब दो साल पहले जब सावित्री देवी एम्स ऋषिकेश में भर्ती थीं, तब भी मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था।
2020 में हुआ था पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था। वह 89 वर्ष के थे। दिल्ली के एम्स अस्पताल में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हुआ था। उस समय देश में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लागू था। प्रतिबंधों के कारण योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।
अंतिम संस्कार को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
सावित्री देवी के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर जानकारी सामने आ रही है कि यह शनिवार को किया जा सकता है। हालांकि, अंतिम संस्कार के समय और कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन की खबर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक का माहौल है।