अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात देने की घोषणा की। सीएम योगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी।अब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 8 हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा। वहीं, सहायिकाओं का मानदेय भी 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने का ऐलान किया गया।
5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर
मानदेय बढ़ाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए 5 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा कवर की सुविधा देने की भी बात कही।इसके अलावा अतिरिक्त साड़ी के लिए भी राशि उपलब्ध कराने का ऐलान किया गया है।
अयोध्या के विकास का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अयोध्या के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासन में अयोध्या में विकास की स्थिति खराब थी और बिजली व सड़कों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।सीएम योगी ने कहा कि अब अयोध्या सोलर सिटी बन चुकी है और शहर में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले जहां कुछ घंटे ही बिजली आती थी, वहीं अब अयोध्या रोशन हो गई है।
राम मंदिर और अयोध्या विकास को लेकर विपक्ष पर निशाना
सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर राम मंदिर का विरोध करने तथा अयोध्या के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास के लिए इच्छाशक्ति जरूरी है और इसी इच्छाशक्ति के चलते अयोध्या में बदलाव आया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश-दुनिया से लोग अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर के दर्शन कर रहे हैं।