उत्तराखंड - उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादलों के बीच ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है। इसके चलते तापमान में गिरावट आई है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

पिथौरागढ़ में 23 सड़कें बंद, स्कूलों में छुट्टी
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रात से बारिश का दौर जारी है। लगातार वर्षा के कारण जिले में करीब 23 सड़क मार्ग बंद हैं। स्थिति को देखते हुए आज स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। चीन सीमा से जुड़े इलाकों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पांच स्थानों पर बाधित है। प्यलसीती के पास सड़क का हिस्सा बह गया है, जबकि नारायण आश्रम मार्ग भी लगातार दूसरे दिन बंद रहा।
35 हजार की आबादी प्रभावित
कूलागाड़ के पास हाईवे बंद होने के कारण चीन सीमा से सटी व्यास, दारमा और चौदास घाटियां अलग-थलग पड़ गई हैं। इससे करीब 35 हजार लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। इसके अलावा मुनस्यारी-मिलम मार्ग बंद होने से मल्ला जोहार घाटी के 13 गांवों समेत आसपास के करीब डेढ़ दर्जन गांवों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
ऊंची चोटियों पर हुआ हिमपात
रविवार को पिथौरागढ़ में दिनभर तेज बारिश होती रही। इस दौरान पंचाचूली, हरदेवल, नंदा देवी और नंदा कोट की ऊंची चोटियों पर सुबह हल्का हिमपात दर्ज किया गया। वहीं, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी हुई। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर सड़क मार्ग बार-बार बाधित हो रहे हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नैनीताल में लगातार बारिश, ग्रामीण सड़कें प्रभावित
नैनीताल में पिछले 24 घंटे से बारिश का सिलसिला जारी है। यहां करीब एक सप्ताह से झील के निकासी द्वार खुले हुए हैं। जिले की करीब 23 ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित बताई जा रही है। दूसरी ओर, देहरादून और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें हुईं। दोपहर बाद कुछ देर धूप निकलने से लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा।
छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सभी जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की आशंका भी जताई है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।